देशभर में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। ऐसे में नेता राजनीति करने से नहीं चूक रहे है। इस संवेदनशील समय पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ ने प्रवासी मजदूरों को लेकर बयान दिया था। जिसके बाद अब महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने योगी पर पलटवार किया है।
मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी यह बात ध्यान रख लें कि प्रवासियों को अब महाराष्ट्र आने से पहले इजाजत लेनी चाहिए। इसी के साथ राजठाकरे ने उद्धव सरकार से एक अपील भी की है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार को पुलिस स्टेशन में प्रवासी मजदूरों का रिकाॅर्ड बनाना चाहिए, जिसमें उनकी तस्वीर भी हो।
यूपी के सीएम ने रविवार को कहा था कि जो भी राज्य चाहता है कि प्रदेश के प्रवासी कामगार उनके यहां वापस आएं तो उन्हें राज्य सरकर से इसकी इजाजत लेनी होगी और कामगारों के सामाजिक, कानूनी और आर्थिक अधिकार सुनिश्चित करने होंगे।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मनसे प्रमुख ने कहा अगर योगी आदित्यनाथ इस बात पर जोर दे रहे है कि उत्तर प्रदेश के लोगों को काम देने के लिए अनुमति लेनी होगी तो उन्हें यहां काम करने के लिए महाराष्ट्र सरकार से अनुमति लेनी होगी। महाराष्ट्र सरकार को इस तरह की बातों को गंभीरता से लेना चाहिए।