सीहोर। अपनी विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं को लेकर सोमवार को सीहोर में आशा कार्यकर्ताओं का आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं ने कलेक्टोरेट के सामने पहुंचकर प्रदर्शन किया और भोपाल-इंदौर पुराने मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
प्रदर्शन कर रही आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्हें लंबे समय से मानदेय का भुगतान नहीं मिला है, जिससे आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उनसे लगातार 24 घंटे तक स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्य लिए जाते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं और मांगों पर शासन स्तर पर उचित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकर्ता रानी राठौर ने कहा कि समय पर वेतन नहीं मिलने से सभी कार्यकर्ता परेशान हैं। उन्होंने शासन से मांग की कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए और भविष्य को लेकर स्पष्ट व्यवस्था बनाई जाए।

प्रदर्शन के दौरान कई आशा कार्यकर्ता बैंगनी रंग की साड़ी पहनकर कलेक्टोरेट मार्ग और वेदांता हार्ट केयर हॉस्पिटल के सामने कतारबद्ध नजर आईं। उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रित रखने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया।
आशा कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जाता और मानदेय भुगतान की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से जल्द सकारात्मक कदम उठाने की मांग की है।