पांढुर्णा जिले के सौसर विकासखंड के ग्राम आमला में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, चाक-चौबंद और समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं। ताकि कार्यक्रम का आयोजन सफल, गरिमामय और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
कार्यक्रम की तैयारियों के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार, अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री, एसडीएम पांढुर्णा अलका एक्का सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।
प्रशासन का कहना है कि राज्यपाल के आगमन को देखते हुए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।