महाकाल की नगरी उज्जैन में जल्द ही भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) का कार्यालय शुरू होने जा रहा है। इससे शहर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यात्रा एवं पर्यटन संबंधी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
IRCTC अधिकारियों के अनुसार उज्जैन में कार्यालय स्थापित करने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। मंजूरी मिलने के बाद कार्यालय शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। प्रस्तावित कार्यालय रेलवे स्टेशन या उसके आसपास खोला जा सकता है, जिससे यात्रियों को सुविधाजनक पहुंच मिल सके।
वर्तमान में धार्मिक पर्यटन पैकेज, विशेष ट्रेन यात्राओं और अन्य सेवाओं के लिए लोगों को इंदौर या भोपाल से संपर्क करना पड़ता है। उज्जैन में कार्यालय खुलने के बाद यात्रियों को ये सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।

सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए यह पहल बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। महापर्व के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यात्रा प्रबंधन और पर्यटन सेवाओं को बेहतर बनाने में यह कार्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उज्जैन पहले से ही महाकालेश्वर मंदिर, महाकाल लोक और अन्य धार्मिक स्थलों के कारण देश-विदेश के श्रद्धालुओं का प्रमुख केंद्र है। IRCTC कार्यालय शुरू होने से धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।