लोकप्रिय बंगाली अभिनेता मनु मुखर्जी का 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनका निधन रविवार को दक्षिण कोलकाता में उनके आवास पर कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुआ है। इस बात की जानकारी उनके परिवार ने दी है। परिवारवालों ने बताया कि पिछले कुछ हफ्तों से उनकी तबीयत लगातार खराब रहती थी।
मनु मुखर्जी के परिवार के सदस्यों ने कहा कि ‘पिछले कुछ हफ्तों से वो ठीक नहीं थे। वो तब और भी ज्यादा अवसाद में आ गए जब प्रतिष्ठित बंगाली अभिनेता सौमित्र चटर्जी का निधन 15 नवंबर को हो गया।’ बता दें कि मुखर्जी ने सौमित्र चटर्जी के साथ कई समीक्षकों द्वारा प्रशंसित फिल्मों में अभिनय किया था।
Saddened at the passing away of veteran theatre and film actor Manu Mukherjee. We conferred on him the Lifetime Achievement Award at the Tele-Samman Awards 2015. My condolences to his family, colleagues and admirers
— Mamata Banerjee (@MamataOfficial) December 6, 2020
वहीं मनु मुखर्जी के निधन पर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी शोक प्रकट किया। ममता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए एक ट्वीट कर मनु मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
ममता ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘फिल्म अभिनेता मनु मुखर्जी के निधन पर गहरा आघात लगा है। हमने उन्हें टेली-सम्मान पुरस्कार 2015 में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया था। उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना है।’
बता दें कि मनु मुखर्जी पश्चिम बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट्स फोरम के एक्टिव सदस्यों में से एक थे। उनके निधन की खबर सुनते ही इस फोरम के दूसरे सदस्यों जैसे निर्देशक अतनु घोष, अभिनेता सुजन निल मुखर्जी और सास्वता चटर्जी ने ट्वीट करते हुए श्रद्धांजलि प्रकट की है।