पीएम मोदी आज बंगाल के बीरभूम जिले के शांतिनिकेतन में स्थित विश्वभारती विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि पीएम मोदी सुबह 11 बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस बात की जानकारी खुद पीएम मोदी ने ट्वीट करके दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा शिक्षा के हमारे प्रीमियम केंद्रों में प्रतिष्ठित #VisvaBharati विश्वविद्यालय, शांतिनिकेतन के शताब्दी समारोह को संबोधित करने के लिए तत्पर हैं, जो गुरुदेव टैगोर के साथ निकटता से जुड़ा हुआ है। कल में ट्यून करें, 24 दिसंबर को सुबह 11 बजे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री विश्वभारती विश्वविद्यालय के चांसलर हैं। ये देश का एकमात्र ऐसा विश्वविद्यालय है जिसके चांसलर प्रधानमंत्री होते हैं। गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर ने 1921 में विश्वभारती विश्वविद्यालय की स्थापना की थी।
Looking forward to addressing the centenary celebrations of the iconic #VisvaBharati University, Shantiniketan, among our premium centres of learning which is closely associated with Gurudev Tagore. Do tune in tomorrow, 24th December at 11 AM. pic.twitter.com/d4ZAcA9IUe
— Narendra Modi (@narendramodi) December 23, 2020
गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा बंगाल में 1921 में स्थापित विश्वभारती यूनिवर्सिटी बीरभूम जिले में बोलपुर शहर के पास शांतिनिकेतन में स्थित है। ये देश की सबसे पुरानी सेंटर यूनिवर्सिटी है।
मई 1951 में संसद के एक अधिनियम द्वारा विश्वभारती को एक केंद्रीय विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय महत्व का एक संस्थान घोषित किया गया था। गुरूदेव रवींद्र नाथ टैगोर ने शिक्षा का जो मॉडल विकसित किया था विश्वभारती में उसी के अनुरूप पढ़ाई होती है। बाद में आधुनिक तौर तरीके भी विश्वभारती की पढ़ाई में अपनाए गए।
विश्वभारती के शताब्दी समारोह में बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी शामिल होंगे। 19-20 दिसबंर को बंगाल के दो दिन के दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी विश्वभारती विश्वविद्यालय गए थे और गुरूदेव को नमन किया था।
विश्वभारती विश्वविद्यालय में करीब डेढ़ घंटे तक रूकने के दौरान शाह ने टैगोर को श्रद्धांजलि दी थी और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया था। इसके बाद बोलपुर शहर में अमित शाह ने जोरदार रोड शो कर ममता के गढ़ में भगवा हुंकार भरी थी।