1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. कांग्रेस के रास्ते पर चलते तो अनुच्छेद 370 कभी नहीं हटता- पीएम मोदी

कांग्रेस के रास्ते पर चलते तो अनुच्छेद 370 कभी नहीं हटता- पीएम मोदी

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
कांग्रेस के रास्ते पर चलते तो अनुच्छेद 370 कभी नहीं हटता- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दिया। लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, अगर देश पुराने तरीके से चलता तो आज आर्टिकल 370 पर फैसला नहीं लिया गया होता। उस रास्ते पर तीन तलाक का मुद्दा कभी नहीं सुलझता

लीक पर वे चलें, जिनके चरण दुर्बल और हारे हैं

पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, एक स्वर ये उठा है कि सरकार को सारे कामों की जल्दी क्यों है? हम सारे काम एक साथ क्यों कर रहे हैं? इसके उन्होंने सर्वेश्वर दयाल सक्सेना की कविता का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी कविता में लिखा है कि- लीक पर वे चलें, जिनके चरण दुर्बल और हारे हैं, हमें तो जो हमारी यात्रा से बने, ऐसे अनिर्मित पथ ही प्यारे हैं।

आपके रास्ते पर चलते तो अनुच्छेद 370 कभी नहीं हटता

लोगों ने सिर्फ एक सरकार बदली है, केवल ऐसा नहीं है, बल्कि सरोकार भी बदलने की अपेक्षा की है। इस देश की एक नई सोच के साथ काम करने की इच्छा और अपेक्षा के कारण हमें यहां आकर काम करने का अवसर मिला है। हम भी आप लोगों के रास्ते पर चलते, तो शायद 70 साल के बाद भी इस देश से अनुच्छेद 370 नहीं हटता, आपके ही तौर तरीके से चलते, तो मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक की तलवार आज भी डराती।

कांग्रेस के रास्ते पर चलते तो 50 साल बाद भी देश को करना पड़ता संपत्ति कानून का इंतजार

आपकी ही सोच के साथ चलते तो राम जन्मभूमि आज भी विवादों में रहती। आपकी ही सोच अगर होती, तो करतापुर साहिब कोरिडोर कभी नहीं बन पाता। आपके ही के तरीके होते, आपका ही रास्ता होता, तो भारत-बांग्लादेश विवाद कभी नहीं सुलझता। अगर कांग्रेस के रास्ते हम चलते ,तो 50 साल बाद भी शत्रु संपत्ति कानून का इंतजार देश को करते रहना पड़ता। 35 साल बाद भी नेक्स्ट जनरेशन लड़ाकू विमान का इंतजार देश को करते रहना पड़ता। 28 साल बाद भी बेनामी संपत्ति कानून लागू नहीं हो पाता।

चुनौतियों को चुनौती नहीं देते तो आज भी समस्याओं से जूझना होता

कोई इस बात से इंकार नहीं कर सकता कि देश चुनौतियों से लोहा लेने के लिए हर पल कोशिश करता रहा है। कभी कभी चुनौतियों की तरफ न देखने की आदतें भी देश ने देखी है, चुनौतियों को चुनने का सामर्थ्य नहीं, ऐसे लोगों को भी देखा है। लेकिन आज दुनिया की भारत से जो अपेक्षा है, हम अगर चुनौतियों को चुनौती नहीं देते, अगर हम हिम्मत नहीं दिखते और अगर हम सबको साथ लेकर चलने की गति नहीं दिखाते तो हमें लंबे अरसे तक समस्याओं से जूझना होता।

आपको भी पता है कि काम करेगा तो यही करेगा

विपक्ष पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, कुछ माननीय सदस्य कहते हैं कि ये काम क्यों नहीं हुआ, कब तक करेंगे, कब होगा, कैसे होगा। तो कुछ लोगों को लगता है कि आप आलोचना करते हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि आप आलोचना करते हैं। मुझे खुशी है कि आप मुझे समझते हैं, आपको भी पता है कि करेगा तो यही करेगा।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...