पन्नाः मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक गर्व की खबर सामने आई है, जहां गुनौर विकासखंड के बेली हिनौती गांव की बेटी प्रतिभा सिंह सोलंकी ने इतिहास रच दिया है। सरस्वती ज्ञान मंदिर की कक्षा दसवीं की छात्रा प्रतिभा ने मध्य प्रदेश की हाई स्कूल परीक्षा की प्रवीण सूची में प्रथम स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि प्रतिभा ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर प्रदेश में टॉप किया है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।

प्रतिभा की इस सफलता ने न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव और जिले का नाम रोशन कर दिया है। जैसे ही रिजल्ट घोषित हुआ, घर और स्कूल में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने प्रतिभा को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। प्रतिभा का कहना है कि इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता और शिक्षकों का मार्गदर्शन और लगातार मेहनत का बड़ा योगदान है। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई, समय का सही उपयोग और लक्ष्य पर फोकस ही उनकी सफलता का राज रहा है। वह आईएएस बनना चाहती है।

ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर प्रदेश में पहला स्थान हासिल करना अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा बन गया है। प्रतिभा की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि अगर मेहनत और लगन हो, तो संसाधनों की कमी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती।
अब पूरे पन्ना जिले को प्रतिभा पर गर्व है और सभी को उनसे आगे भी बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद है। मां पिता का कहना है कि बच्ची ने अथक मेहनत की और मोबाइल से दूर रही इसलिए आज मध्य प्रदेश की मेरिट सूची में प्रथम स्थान हासिल किया है।
पन्ना से संवाददाता राजेश रावत की रिपोर्ट