बुरहानपुरः जिले के ग्राम बख्खारी में एक बड़ी लापरवाही ने किसान की मेहनत को चंद मिनटों में राख में बदल दिया। जर्जर बिजली का तार टूटकर खेत में गिरा और देखते ही देखते 5 एकड़ में लगी मक्के की फसल भीषण आग की चपेट में आ गई।
पूरी फसल जलकर खत्म
आग इतनी तेज थी कि किसान संभल भी नहीं पाया, उसकी पूरी फसल जलकर खत्म हो गई। इतना ही नहीं, सिंचाई के लिए लगाया गया महंगा ड्रिप सिस्टम और पाइप लाइन भी आग में पूरी तरह नष्ट हो गए। ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने की पूरी कोशिश की और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक किसान का सब कुछ जलकर खाक हो चुका था।
बिजली विभाग पर गंभीर आरोप
पीड़ित किसान ने सीधे तौर पर बिजली विभाग को इस हादसे का जिम्मेदार ठहराया है। किसान का कहना है कि उसने पहले ही जर्जर तार की शिकायत की थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
कर्ज लेकर बोई थी फसल, अब सब खत्म
किसान ने बताया कि उसने कर्ज और अपनी जमा पूंजी से यह फसल तैयार की थी। इस हादसे ने उसे पूरी तरह आर्थिक संकट में डाल दिया है। अब किसान सरकार से उचित मुआवजे की मांग कर रहा है, ताकि उसे इस भारी नुकसान से कुछ राहत मिल सके।
बुरहानपुर से संवाददाता राजवीर राठौर की रिपोर्ट