देश के रक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि चीन के साथ पूर्वी लद्दाख क्षेत्र सहित सीमा विवाद पर कूटनीटिक और सैन्य स्तर पर चर्चा चल रही है।
रविवार को वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के द्वारा जम्मू-कश्मीर में जन संवाद रैली को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अपने राष्ट्रीय गौरव के साथ कभी समझौता नहीं करेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भारत अब कमजोर देश नहीं रहा है और उसकी सुरक्षा क्षमता बढ़ गई है।
रक्षा मंत्री ने कहा केंद्र सरकार सीमा पर किसी भी घटनाक्रम के बारे में संसद या किसी को भी अंधेरे में नहीं रखेगी और उचित समय आने पर जानकारियां साझा करेगी। उन्होंने कहा कि मैं विपक्ष को सूचित करना चाहता हूं कि हमारी सरकार किसी को भी अंधेरे में नहीं रखेगी। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हम किसी भी स्थिति में राष्ट्रीय गौरव के साथ समझौता नहीं करेंगे।