रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
कनाडा : कोरोना महामारी जहां एक बार फिर रफ्तार पकड़ रही है । वहीं, दूसरी तरफ एक और रहस्यमय बीमारी दस्तक दे रही है । जी हां, आपको जानकर हैरानी होगी कि अब तक इस बीमारी से 43 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 5 लोगों की जान चली गयी है । इस बीमारी का नाम है ‘मैड काउ डिजीज’।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह एक तरह का दुर्लभ और घातक मस्तिष्क विकार है, जिसे क्रुट्जफेल्ट-जैकोब डिजीज (Creutzfeldt-Jakob Disease- CJD) के नाम से जाना जाता है । 2021 में ही इस बीमारी के 6 नए मामले सामने आ चुके हैं ।
‘डेली मेल’ में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह बीमारी पहली बार साल 2015 में सामने आई थी, जिसके बाद पिछले कुछ साल में इसके मामले तेजी से बढ़े हैं । 2020 आते- आते इस बीमारी से संक्रमित होने वाले 24 नए मामले सामने आए थे । और इस साल की शुरुआत में ही 6 नए मामले दर्ज किए जा चुके हैं ।
बता दें कि कनाडा के स्वास्थ्य विभाग (Health Department) ने इस बीमारी से पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है । उनका कहना है कि वो पता लगाने का प्रयास कर रहे है कि ये अज्ञात न्यूरोलॉजिकल बीमारी क्या है, जिससे इतनी तेजी से लोग संक्रमित हो रहे हैं ।
बर्ट्रेंड के मेयर यवन गोडिन ने बताया कि इलाके के लोग इस नई बीमारी से काफी दहशत में हैं । उन्होंने आगे कहा कि शहर के लोग परेशान हैं, वे पूछ रहे हैं कि क्या ये बीमारी मीट खाने के कारण हो रही है? क्या यह संक्रामक है?
वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बीमारी इतनी जटिल है कि इसके लिए कई टेस्ट करने पड़ रहे हैं । न्यूरोलॉजिस्ट डॉ नील कैशमैन और विशेषज्ञों की एक टीम इस बीमारी से जुड़े सभी सवालों के जवाब तलाशने में जुट गई है ।

क्या आप जानते हैं कि ये मैड काउ डिजीज क्या है ? दरअसल, ये गाय में होने वाली एक न्यूरोलॉजिकल बीमारी है, जिसे बोविन स्पॉन्जिफॉर्म एन्सेफैलोपैथी (Bovine Spongiform Encephalopathy -BSE) के नाम से भी जाना जाता है । यह असामान्य प्रोटीन होने के चलते मवेशियों में फैलती है, जो मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी को प्रभावित करती है ।