1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. नवागत एसपी सोनाक्षी सक्सेना का औचक निरीक्षण, कानून-व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

नवागत एसपी सोनाक्षी सक्सेना का औचक निरीक्षण, कानून-व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

सीहोर की नवागत पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने थाना अहमदपुर का औचक निरीक्षण कर हवालात, मालखाना और अभिलेखों की जांच की। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।

By: BS Yadav 
Updated:
नवागत एसपी सोनाक्षी सक्सेना का औचक निरीक्षण, कानून-व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

सीहोर। जिले की नवागत पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने बुधवार रात थाना अहमदपुर का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, हवालात, मालखाना, शस्त्रागार तथा विभिन्न अभिलेखों का गहन परीक्षण किया और लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) सीहोर सुश्री पूजा शर्मा, थाना प्रभारी अहमदपुर निरीक्षक रमन सिंह ठाकुर तथा एएसआई पुष्पेंद्र सिंह यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अपराध नियंत्रण की स्थिति, महिला अपराधों की समीक्षा तथा लंबित विवेचनाओं की प्रगति का विस्तृत परीक्षण किया। उन्होंने मालखाने में रखे जब्तशुदा माल और महत्वपूर्ण दस्तावेजों के रख-रखाव का निरीक्षण करते हुए उनके सुव्यवस्थित संधारण एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।

ad

ad

एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने हवालात की सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा आरक्षक मददगार कक्ष का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा अपराध पंजी, ड्यूटी रजिस्टर, केस डायरी और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन कर लंबित अपराधों, शिकायतों और वारंट तामीली की स्थिति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना स्टाफ से संवाद करते हुए कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी आमजन को सुरक्षा का भरोसा देना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों के प्रति संवेदनशील, सहयोगात्मक और सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखें, जबकि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधीक्षक ने सभी कर्मचारियों को अनुशासन, बेहतर टर्नआउट, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना बेहद आवश्यक है।

निरीक्षण के बाद कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से एसपी सोनाक्षी सक्सेना के नेतृत्व में थाना अहमदपुर पुलिस बल ने कस्बे के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्र में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान लोगों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक भी लिया गया।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण और निगरानी अभियान जारी रहेंगे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...