भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान से पहले ही मानसून शनिवार को केरल के तट से टकराया है। निजी एजेंसी स्काईमेट ने इस बात का दावा किया है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा था कि मानसून एक जून को केरल तट से टकराएगा, लेकिन अब दो दिन पहले ही इसके आने की खबर हैं।
हालांकि, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इसका एलान नहीं किया है। स्काईमेट के सीईओ जतिन सिंह ने कहा कि केरल के ऊपर दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन की घोषणा करने के लिए बारिश, आउटवेव लाॅन्गवेव रेडिएशन (ओएलआर) मूल्य और हवा की गति जैसी सभी स्थितियों की निगरानी पूरी तरह से की गई है।
केरल के तट से मानसून के टकराने के बाद देश में चार महीने की बारिश के मौसम की शुरूआत होती है। देश में जून से सितंबर के बीच तक 75 फीसदी बारिश होती है। मौसम विभाग ने अप्रैल में कहा था कि इस बार मानसून औरत ही रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 96 से 100 प्रतिशत बारिश को सामान्य मानसून माना जाता है।