नई दिल्ली : भारत के पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में तालिबान जैसी बर्बरता का वीडियो सोशल पर वायरल हो रहा है। जिससे ये कहना गलत नहीं होगा की पाकिस्तान और तालिबान दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू है। हालांकि लाहौर पुलिस ने मंगलवार को महिला टिकटॉकर और उसके साथियों से मारपीट करने व चोरी करने के आरोप में सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बता दें कि ये घटना 14 अगस्त की है, जब पाकिस्तान अपनी आजादी का जश्न मना रहा था। रिपोर्ट के अनुसार, दर्ज की गई एफआईआर में शिकायतकर्ता ने कहा है कि वह अपने छह साथियों के साथ स्वतंत्रता दिवस पर मीनार-ए-पाकिस्तान के पास एक वीडियो बना रही थी, जब लगभग 300 से 400 लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उसने और उसके साथियों ने भीड़ से बचने के लिए बहुत प्रयास किया।

महिला को हवा में उछाला
एफआईआर में पीड़िता के हवाले से कहा गया कि, “हालांकि, भीड़ बहुत अधिक थी और लोग बाड़े को लांघ रहे थे और हमारी ओर आ रहे थे। लोग मुझे धक्का दे रहे थे और इस हद तक खींच रहे थे कि उन्होंने मेरे कपड़े फाड़ दिए। कई लोगों ने मेरी मदद करने की कोशिश की, लेकिन भीड़ बहुत अधिक थी और वे मुझे हवा में फेंकते रहे।”
शिकायत में आगे कहा गया कि उसके साथियों के साथ भी मारपीट की गई। संघर्ष के दौरान, उसकी अंगूठी और झुमके जबरन छीन लिए गए साथ ही उसकी एक साथी का मोबाइल फोन, उसका पहचानपत्र और उसके पास मौजूद 15,000 रुपये भी छीन लिए गए। शिकायतकर्ता ने कहा कि, “अज्ञात लोगों ने हम पर हिंसक हमला किया।”
आपको बता दें कि एफआईआर में महिला के खिलाफ हमला या आपराधिक बल के उपयोग के साथ ही उसके कपड़े उतारना, चोरी और दंगा फैलाने जैसी धाराएं जोड़ी गई हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद देश के आम नागरिकों में पुरुषों की हरकतों पर गुस्सा है।