गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) में आयोजित होने वाले 11वें दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने प्रेस वार्ता कर समारोह से जुड़ी जानकारी साझा की। इस भव्य आयोजन की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। वहीं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विकास कौशल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में उन्हें डॉक्टर ऑफ साइंस (डी.एससी.) की मानद उपाधि प्रदान की जाएगी।
विश्वविद्यालय के बहुउद्देश्यीय सभागार में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में कुल 1523 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें विभिन्न पाठ्यक्रमों के 1522 विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी, जबकि मुख्य अतिथि विकास कौशल को मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। उपाधि पाने वाले विद्यार्थियों में बीटेक के 1065, बीबीए के 68, बी.फार्म के 55, एमटेक के 73, एमबीए के 73, एमसीए के 75, एमएससी के 52 और पीएचडी के 61 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
दीक्षांत समारोह में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 20 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 46 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें 3 कुलाधिपति स्वर्ण पदक, 20 कुलपति स्वर्ण पदक और 23 प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल हैं। यह सम्मान विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को दिया जाएगा।

MMMUT की कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय जल्द ही स्मार्ट मोबाइल मेडिकल वैन की शुरुआत करेगा। यह मोबाइल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में काम करेगी और विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगी। इस सुविधा के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच, जरूरी मेडिकल परीक्षण और प्राथमिक उपचार की सेवाएं उनके गांव तक मिल सकेंगी। इससे लोगों को इलाज के लिए बार-बार अस्पताल जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
कुलपति के अनुसार, स्मार्ट मोबाइल मेडिकल वैन परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया तैयार कर ली गई है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह पहल राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के ग्रामीण विकास और जनकल्याण से जुड़े विजन के अनुरूप की जा रही है।