शिक्षित युवाओं को रोजगार दिलाने की लड़ाई है एमएलसी चुनाव: अजय कुमार लल्लू
लखनऊ: विधान परिषद के खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी का नामांकन कराने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहाकि शिक्षित युवाओं को रोजगार दिलाने की लड़ाई कांग्रेस ही लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार युवाओं को बेरोजगार बनाए रखने की राजनीति कर रही है। इस सरकार से इंसाफ की उम्मीद बेकार है।
कांग्रेस ने निकाला जुलूस
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बुधवार को पार्टी समर्थित प्रत्याशी बृजेश कुमार सिंह के समर्थन में इको गार्डेन से जुलूस निकाला।
कांग्रेसजनों एवं स्थानीय लोगों के साथ आलमबाग, चारबाग, हजरतगंज होते हुए लखनऊ मण्डलायुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रत्याशी का पर्चा दाखिल कराया।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज सड़क से लेकर सदन तक युवाओं के हक और हुकूक के लिए संघर्षरत है। मौजूदा समय में आज का युवा हताश और निराश है।
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही हैं भर्तियां
उन्होंने कहा कि योगी सरकार के राज में रोजगार के अवसर निरन्तर कम होते जा रहे हैं नई भर्तियों पर रोक लगी हुई हैं, आये दिन भर्तियां भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही हैं। उन्होने अपील की है कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ से कांग्रेस प्रत्याशी बृजेश कुमार सिंह विधान परिषद में पहुंचकर शिक्षित बेरोजगारों की आवाज बनेंगे।