बदमाशों के खिलाफ ऑपरेशन क्लीन में जुटी जिले की पुलिस ने देर रात दो बदमाशों की टांग पर निशाना लगाया है।
मवाना और परतापुर क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ में पुलिस ने 50 हजार के इनामी और सदर थाने के एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को पैर में गोली मारकर दबोचा है।
एसपी क्राइम राम अर्ज ने बताया कि पहली मुठभेड़ सोमवार देर रात मवाना में हुई। दरअसल, एसटीएफ के इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने मवाना पुलिस को सूचना दी थी कि मथुरा जिले से बैंक लूट में वांछित चल रहा 50 हजार का इनामी बदमाश संदीप उर्फ सम्राट मवाना क्षेत्र में देखा गया है
जिसके बाद पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों की घेराबंदी कर ली। इस दौरान हुई फायरिंग में मथुरा जिले का रहने वाला कुख्यात सम्राट पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।
आरोपी के पास से बाइक और 32 बोर की पिस्टल सहित भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए हैं।
उधर, दूसरी मुठभेड़ शहर के परतापुर थाना क्षेत्र में हुई। जहां पुलिस ने देर रात खरखौदा रोड पर शातिर वाहन चोर राहुल उर्फ काला की घेराबंदी कर ली।
इस दौरान हुई फायरिंग में सोतीगंज निवासी कुख्यात राहुल उर्फ काला गोली लगने से घायल हो गया। एसएसपी ने बताया कि बदमाश राहुल उर्फ काला सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और थाने के टॉप 10 अपराधियों की सूची में शामिल है।
उसके खिलाफ मेरठ के अतिरिक्त दिल्ली में भी वाहन चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ में घायल हुए दोनों बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।