{ मेरठ से राशिद की रिपोर्ट }
जिले में लॉक डाउन के चलते जहां तमाम विभागों के कर्मचारियों और व्यापारियों से लेकर सभी आम नागरिक अपने घरों में कैद हैं।
वहीं, सिर्फ किसान वर्ग ऐसा है जो ग्रामीण क्षेत्रों में अपने कार्य में जुटा जिले में किसी भी खाद्य वस्तु की आपूर्ति की कमी नहीं होने दे रहा है। लेकिन, लॉक डाउन के चलते किसानों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों की इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए आज जिलाधिकारी अनिल धींगरा ने कलेक्ट्रेट में किसान नेताओं की बैठक ली। डीएम ने किसानों के साथ बैठक लेते हुए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। जिस पर 24 घंटे किसानों की समस्याओं का समाधान हो सकेगा।
जिलाधिकारी अनिल धींगरा ने बताया कि बैठक के दौरान किसानों ने अपनी कुछ समस्याओं को सामने रखा था।
इस दौरान प्रशासन द्वारा किसानों को आश्वस्त किया गया है कि वह लॉक डाउन के बावजूद खेती में प्रयोग किए जाने वाले अपने उपकरण की मरम्मत बिना किसी रोक-टोक के करा सकते हैं। इस दौरान उन्हें सड़क पर पुलिस द्वारा परेशान नहीं किया जाएगा।
इसी के साथ गन्ना पर्ची वितरण में भी किसानों को कोई परेशानी नहीं आएगी। इसके लिए जिला गन्ना अधिकारी को निर्देशित किया जा रहा है।