{ मेरठ से राशिद की रिपोर्ट }
गाजियाबाद जनपद में बनाए गए कोरोना आइसोलेशन सेंटर में जमातियों द्वारा नर्सिंग स्टाफ के साथ की जा रही अश्लीलता को लेकर एडीजी जोन ने कड़े तेवर अख्तियार कर लिए हैं।
एडीजी जोन प्रशांत कुमार ने बताया कि इन सभी उपद्रवी जमातियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर क्वॉरेंटाइन सेंटर में ही इन्हें हिरासत में ले लिया गया है।
इसी के साथ भविष्य में किसी आइसोलेशन सेंटर में जमाती उपद्रव ना करें इससे निपटने के लिए जोन के सभी आइसोलेशन सेंटर को जल्द ही सीसीटीवी कैमरे से लैस किया जाएगा।
दरअसल, एडीजी जोन प्रशांत कुमार आज जुम्मे की नमाज को लेकर शहर में की गई व्यवस्थाओं का जायजा करने के लिए निकले थे। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि जोन में किसी प्रकार की भी सामूहिक धार्मिक गतिविधि पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जोन के मेरठ जिले में अब तक कोरोना के 25 पॉजिटिव केस मिले हैं जिनमें से एक की मौत हो गई है। इसी के साथ गाजियाबाद में तीन, बागपत में एक, बुलंदशहर में तीन, हापुड़ में दो और शामली में कोरोना पॉजिटिव एक केस पाया गया है।
जोन में आइसोलेशन सेंटर के आसपास ड्यूटी पर लगाए गए सभी पुलिसकर्मियों को पर्सनल प्रोटेक्टिव वीयर किट से लैस किया गया है। वहीं, जोन में अब तक 298 ऐसे जमातियों को चिन्हित किया गया है जो एक मार्च के बाद से जोन के जिलों में पहुंचे हैं।
इनमें से कुछ विदेशी भी हैं, जिनके खिलाफ फॉर्नर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसी के साथ सभी को क्वॉरेंटाइन भी किया गया है।
इसी के साथ जिले में आए 311 जमातियों को चिन्हित कर विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में क्वॉरेंटाइन किया गया है। यदि इनमें से किसी की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो उसे आइसोलेशन सेंटर में शिफ्ट किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इनमें से कुछ जमाती दूसरे राज्यों से और दो इंडोनेशिया के नागरिक हैं। जिसके चलते इन जमातियों की आवाजाही के कारण जिले के सरधना और महलका कस्बे सहित शहर के गंगानगर और शास्त्रीनगर को सील किया गया है।