मथुरा: नंदबाबा मंदिर में नमाज मामले ने पकड़ा तूल
मथुरा के नंदगांव स्थित नंदमहल मंदिर में जौहर की नमाज अदा करने के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने से माहौल गरमा गया है। मामला तूल पकड़ता देख मंदिर प्रशासन ने शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस ने फैजल खान और उसके दोस्त सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि मंदिर में नमाज पढ़ने वाले दो युवक दिल्ली की खुदाई खिदमतगार संस्था के लोग हैं। इन्होंने नमाज पढ़ने का फोटो सोशल मीडिया में वायरल किया था।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली की संस्था खुदाई खिदमतगार के सदस्य फैजल खान और मोहम्मद चांद गांधीवादी कार्यकर्ता निलेश गुप्ता और आलोक रत्न के साथ नंदगांव के नंदबाबा मंदिर पहुंचे।
दोपहर दो बजे दोनों ने मंदिर में ही जौहर की नमाज अदा की। युवकों ने नमाज पढ़ते हुए फोटो खिंचवाई और इन्हें सोशल मीडिया पर भी शेयर कर दिया। यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसके बाद माहौल गरमा गया।
हिंदूवादी संगठनों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दोनों युवकों की गिरफ्तरी की मांग कर दी। भाजपा नेता प्रेम श्रोत्रिय ने कहा कि मंदिर में नमाज अदा कर शांत माहौल को बिगाड़ने का काम किया गया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदन लाल ने कहा, मस्जिदों में रामायण, गीता के पाठ नहीं किए जा सकते तो मंदिर में नमाज क्यों अदा की गई?
रविवार को मथुरा निवासी माधव चतुर्वेदी ने फेसबुक पर मंदिर में नजाम अदा करने की फोटो शेयर करते हुए इसे भाईचारे की मिसाल बताया था। फोटो में फैजल खान और मोहम्मद चांद को नंदबाबा मंदिर में नमाज अदा करते देखा जा सकता है।
कौमी एकता मंच के मधुबन दत्त चतुर्वेदी का कहना है कि मंदिर के लोगों ने भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए उन्हें नमाज करने की अनुमति दी थी। हालांकि, मंदिर प्रबंधन का कहना है कि यात्रियों ने उनसे नमाज अदा करने की अनुमति नहीं ली थी।
मंदिर के सेवायत कान्हा गोस्वामी का कहना है कि उन्होंने नमाज अदा करने की कोई अनुमति नहीं दी थी। इन लड़कों से उनकी बातचीत जरूर हुई थी, लेकिन नमाज धोखे से पढ़ी है।