1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. शिवपुरी में अवैध उत्खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

शिवपुरी में अवैध उत्खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

शिवपुरी के बदरवास क्षेत्र में अवैध उत्खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त टीम ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया, अवैध खनन का रास्ता बंद कराया और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की। प्रशासन ने अवैध खनन और शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

By: Nivedita 
Updated:
शिवपुरी में अवैध उत्खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

शिवपुरी। जिले में अवैध उत्खनन और शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बदरवास तहसील के ग्राम सड़बूड़ स्थित सिंध नदी क्षेत्र में संयुक्त टीम ने अवैध खनन रोकने के साथ शासकीय भूमि से अतिक्रमण भी हटाया।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने सिंध नदी क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान शासकीय भूमि पर हाइड्रा और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से अवैध मिट्टी उत्खनन होता पाया गया।

शासकीय कार्य में बाधा, तीन आरोपी गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान लाखन यादव, जयमंडल यादव और विकुल यादव पर राजस्व अमले के कार्य में बाधा डालने, अधिकारियों से अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे। मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से लाइसेंसी हथियार भी जब्त किए गए हैं और शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 

अवैध उत्खनन का रास्ता बंद, अतिक्रमण हटाया

संयुक्त दल ने जेसीबी की सहायता से अवैध उत्खनन में उपयोग किए जा रहे मार्ग को बंद कराया और शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को हटाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। मौके पर करीब 6000 वर्गमीटर क्षेत्र में अवैध उत्खनन और लगभग 40 घनमीटर रेत का अवैध भंडारण मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही अवैध खनन में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाना बदरवास की अभिरक्षा में रखी गई है।

प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संबंधित प्रकरण में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

रिपोर्ट –  कुलदीप गुप्ता 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...