जबलपुर (मध्य प्रदेश)। आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने नगर निगम के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी पोला राव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर EOW की टीम ने उनके कई ठिकानों पर छापेमारी की।
प्रारंभिक जांच में अधिकारी के नाम पर फ्लैट, लगभग 10 हजार वर्गफुट का भूखंड, आंध्र प्रदेश में कृषि भूमि, चार दोपहिया वाहन और एक चारपहिया वाहन होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों और नकद लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों का मूल्यांकन किया जा रहा है। जांच एजेंसियां आय और संपत्ति के बीच असमानता का विस्तृत आकलन कर रही हैं, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

EOW के अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई माननीय न्यायालय के सर्च वारंट के आधार पर की गई है। टीम द्वारा आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित संपत्तियों की भी पड़ताल की जा रही है।