लखनऊ: कांग्रेस नेता उरूशा राणा समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में
उत्तर प्रदेश मे महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध और किसानों के मसले पर राजधानी लखनऊ में कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदर्शन का ऐलान किया था। परिवर्तन चौक चौराहे से विधानसभा तक महानगर और जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता विरोध करने सड़क पर उतरे। इस दौरान हजरतगंज और परिवर्तन चौक पर भारी पुलिस बल की तैनाती रही।
उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष और मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटी उरूशा राणा भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं। पुलिस ने उरूशा राणा समेत करीब 100 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और प्रदर्शन को होने से रोका। पुलिस उनको लेकर आशियाना स्थित ईको गार्डन ले गई।
कांग्रेस ने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और किसानों के मुद्दे को लेकर लखनऊ के परिवर्तन चौक से विधानसभा तक पैदल मार्च करने की घोषणा की थी। गुरुवार को मार्च निकालने के लिए हजरतगंज और परिवर्तन चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ता जमा होने शुरू हो गए थे।
पैदल मार्च की तैयारी होने लगी थी। कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता चौधरी, उपाध्यक्ष उरूशा राणा और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी भी मौजूद थे।
हजरतगंज और परिवर्तन चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन करने से रोकने के लिए पुलिस पहले से खड़ी थी। जमा हो रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने धक्का-मुक्की करते हुए हिरासत में लेना शुरू कर दिया।
इसी दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष उरूशा राणा, अध्यक्ष ममता चौधरी और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वेद प्रकाश को भी पुलिस हिरासत में लेकर गई। अक्टूबर में उरूशा राणा ने कांग्रेस की सदस्यता ली थी। इसके बाद उनको प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी का उपाध्यक्ष बनाया गया। मुनव्वर राणा की दूसरी बेटी फौजिया राणा भी कांग्रेस पार्टी में हैं।