रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
नई दिल्ली : कोरोना के मामले बेकाबू होते जा रहे है । दिल्ली में भी कोरोना मामलों की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है । कोरोना के बढ़ते संकट को देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लॉकडाउन की घोषणा की है । दिल्ली में एक हफ्ते के लिए संपूर्ण लॉकडाउन लगा दिया गया है ।
बता दें कि दिल्ली में कोरोना के बेकाबू मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल अनिल बैजल के साथ बैठक की थी । जिसके बाद सीएम ने प्रेस कांफ्रेंस कर एक हफ्ते के लॉकडाउन का ऐलान किया । राजधानी दिल्ली में आज रात 10 बजे से 26 अप्रैल तक लॉकडाउन का फैसला लिया गया है ।सीएम का कहना है कि अस्पतालों में बेड्स खाली नहीं है, ऑक्सीजन की शॉर्टेज है । ऐसे में कोरोना की चेन तोड़ने के लिए दिल्ली में एक हफ्ते के सख्त कर्फ्यू का फैसला सरकार ने किया है ।
सीएम केजरीवाल ने कहा कि हमने जनता से कोई झूठ नहीं बोला, जिस तरह के हालात हैं हमने हमेशा सही जानकारी दी है । उन्होंने कहा, ‘दिल्ली के अंदर कोरोना की स्थिति काफी गंभीर है, लेकिन रोजाना ज्यादा केस आने के बाद दिल्ली में बेड और ऑक्सीजन की काफी कमी है । इसके लिए हमने केंद्र सरकार से मदद मांगी है ।’ उन्होंने कहा कि इस समय दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था अपनी सीमा पर पहुंच गई है ।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि लॉकडाउन के दौरान आवश्यक सेवाएं चलती रहेंगी । इस दौरान शादियों के लिए लोगों को ई-पास दिया जाएगा, हालांकि कार्यक्रम में सिर्फ 50 लोगों को ही शामिल होने की अनुमति दी जाएगी । वहीं, कर्फ्यू के दौरान स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, पार्क, बाजार-हॉट,मॉल, जिम बंद रहेंगे । जबकि मीडिया हाउस, आपातकालीन सेवा, सब्जी की दुकान, केराना की दुकान आदि पर पाबंदी नहीं रहेगी ।
बता दें कि दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के कुल 25462 नए मामले सामने आए हैं, जबकि कोरोना से 161 लोगों की मौत हो गयी है । इसके अलावा 20159 लोग पिछले 24 घंटे में कोरोना से ठीक होकर अपने-अपने घर जा चुके हैं । स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में अब तक कोरोना से संक्रमित होने वालों की कुल संख्या 8 लाख 53 हजार 460 पहुंच गयी हैं । वहीं, कोरोना से मरने वालों की संख्या 12121 हो गयी है ।