मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पर्यटन विकास की दिशा में बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से कुकरू, चिखलदरा, मुक्तागिरी और मेलघाट को जोड़कर एकीकृत टूरिज्म सर्किट विकसित किया जाएगा। इस योजना से क्षेत्र में ईको टूरिज्म को नई पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय युवाओं को गाइडिंग, होमस्टे, होटल प्रबंधन और एडवेंचर टूरिज्म जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पलायन में भी कमी आएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया और उनके द्वारा बनाए जा रहे स्थानीय उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘कुकरू नेचुरल’ ब्रांड के तहत कॉफी, कोदो-कुटकी, शहद और आंवला जैसे उत्पादों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि होगी।

इस योजना से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय कृषि और लघु उद्योगों को भी मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके, विधायक हेमंत खंडेलवाल, विधायक महेंद्र सिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ का भी श्रवण किया गया।