भारतीय मौसम विभाग ने रविवार को कहा कि मानसून अभी केरल के तट से नहीं टकराया है। शनिवार को एक निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट ने दावा किया था कि दक्षिण-पश्चिमी मानसून ने केरल तट पर दस्तक दे दी है, लेकिन भारतीय मौसम विभाग ने इसे खारिज कर दिया है।
भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक एम. मोहपात्रा ने कहा कि हम लगातार इसकी निगरानी कर रहे है। हम अपने पहले के पूर्वानुमान के साथ है कि मानसून एक जून या उसके बाद ही केरल के तट पर पहुंचेगा।
हालांकि केरल के दक्षिण तटीय इलाकों और लक्षद्वीप में तीन दिनों से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने इसे मानसून के पूर्व होने वाली बारिश बताया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि एक या दो जून को मानसून केरल तट से टकराएगा।