गैंगस्टर विकास दुबे की कमाई को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। विकास दुबे और उसके खजांची जय बाजपेई के बीच आधा दर्जन बैंक खातों के माध्यम से एक साल के भीतर करीब 75 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ।
बिकरू कांड के बाद पुलिस ने विकास के करीबी जय बाजपेई को हिरासत में लिया है। करीब 10 दिन से पूछताछ जारी है। उसने कई राज उगले हैं। बताया है कि वह विकास की काली कमाई अलग-अलग धंधों में लगाता था।
विकास करोड़ों रूपये कमाता था लेकिंन उसने एक रुपया भी टैक्स नहीं दिया। पुलिस और एसटीएफ की जांच में खुलासा हुआ कि जय बाजपेई बीसी चलाने के साथ-साथ विकास की काफी रकम सट्टे में लगाता था।
इसके उलट विकास के करीबी जय बाजपेयी का इनकम टैक्स रिटर्न चार साल में दोगुना हो गया जबकि पत्नी श्वेता बाजपेयी की आय तीन साल में तीन लाख घट गई।
इसके अलावा जय बाजपेई की कानपुर में स्थित 9 संपत्तियों की जांच आयकर विभाग करेगा। आयकर विभाग का बेनामी विंग जय बाजपेयी की प्रॉपर्टी की जांच करके उस पर रिपोर्ट देगा।