जम्मू-कश्मीर : पाकिस्तान द्वारा दुबारा कश्मीरी राग छेड़ने और UNGA (संयुक्त राष्ट्र महासभा) अध्यक्ष वोल्कन बोज्किर का पाकिस्तान का समर्थन करने के बाद एक बार फिर आतंकियों के हौसले बुलंद गये है। और अपने नई योजना के तहत जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के बहुचर्चित नेता राकेश पंडित की गोली मारकर हत्या कर दी। वे अपने दोस्त से मिलने उसके घर जा रहे थे। उनके साथ दोस्ती की बेटी भी थी, जो हमले में घायल हो गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, घटना बुधवार देर शाम पुलवामा में हुई। पंडित उस समय बिना सिक्योरिटी के थे। आतंकियों ने इसी का फायदा उठाया। आतंकियों की संख्या तीन बताई गई। वे पहले से ही पंडित का पीछा कर रहे थे। हमला त्राल पयीन इलाके में हुआ, जहां उनका दोस्त रहता है। पंडित त्राल से पार्षद थे। हमले में घायल उनके दोस्त की बेटी का इलाज चल रहा है।
हमेशा साथ रहते थे दो सिक्योरिटी गार्ड
आपको बता दें कि राकेश पंडित की सुरक्षा में दो सिक्योरिटी गार्ड रहते थे, लेकिन वे दोस्त के घर उन्हें अपने साथ नहीं ले गए थे। हमले में घायल होने के बाद पंडित को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
कश्मीर के इंस्पेक्टर जनरल विजय कुमार ने बताया कि राकेश पंडित श्रीनगर में सुरक्षा के साथ रहते थे। आतंकियों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बता दें कि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना की कड़ी निंदा की है। वहीं जम्मू-कश्मीर में भाजपा के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि निहत्थे लोगों पर हमला करना बहादुरी नहीं है। पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन ने आतंकवाद की निंदा करते हुए कहा कि बंदूक एक अभिशाप है।
राज्य के भाजपा प्रमुख रविंद्र रैना ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि राकेश पंडित की शहादत को बेकार नहीं जाने दिया जाएगा। घाटी में खून बहाने वाले आंतकियों को खत्म करके ही दम लिया जाएगा। भाजपा नेताओं ने राकेश पंडित की हत्या को मानवता और कश्मीरियत की हत्या बताया है।
राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने घटना को दु:खद बताया है। उन्होंने कहा कि, “आतंकियों द्वारा बीजेपी नेता राकेश पंडित की हत्या की खबर सुनकर हैरान हूं। हिंसा के इन मूर्खतापूर्ण कृत्यों ने जम्मू-कश्मीर को केवल दुख ही पहुंचाया है। परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं और ईश्वर उनकी आत्मा का शांति प्रदान करे।” बता दें कि पाकिस्तान दौरे पर गए वोल्कन ने कहा था कि संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को कश्मीर का मुद्दा जोर शोर से उठाना चाहिए और फिलिस्तीन से भी तुलना की थी। इसके बाद भारत ने तल्ख तेवर में UNGA अध्यक्ष वोल्कन बोज्किर की निंदा की।