{झांसी से शरद सैनी की रिपोर्ट}
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए झांसी की सभी सीमाएं सील कर दी गई है। बता दे, मध्य प्रदेश के 52 में से 25 जिलों में कोरोना वायरस का संक्रमण दस्तक दे चुका है। इसी को देखते हुए मध्य प्रदेश से सटे हुए उत्तर प्रदेश के जनपद झांसी की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है। जिसके बाद से अब किसी को बिना इजाजत सीमा नहीं लांघने दी जा रही है। सीमाओं पर दिन – रात पुलिस निगरानी में जुटी हुई है।
दरअसल झांसी मध्य प्रदेश की सीमाओं से घिरा हुआ है। मध्य प्रदेश में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। यहां तक कि झांसी से सटे शिवपुरी और टीकमगढ़ में भी कोराना के पॉजिटिव मरीज पाए जा चुके हैं। ग्वालियर में भी इस बीमारी से संक्रमित लोग मिल चुके हैं। ऐसे में झांसी में भी खतरा लगातार बना हुआ है।
इसकी रोकथाम के लिए जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है। ग्वालियर रोड, उनाव – बालाजी रोड, शिवपुरी रोड व टीकमगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग पर कड़ी चौकड़ी बरती जा रही है। यहां उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की पुलिस अपने – अपने राज्य की सीमा रेखाओं में रहकर निगरानी में जुटी र्हुइं हैं।