रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के खात्मे के बाद तेजी से विकास की परियोजनाएं पहुंच रही हैं। इसी कड़ी में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की सरकार ने फिल्म नीति 2021 के कार्यान्वयन को मंजूरी दे दी है। इसके तहत एक जम्मू-कश्मीर फिल्म डेवलपमेंट काउंसिल और एक फिल्म डिवीजन का गठन किया जाएगा।

आपको बता दें कि जम्मू कश्मीर में 1990 तक बॉलीवुड की कई ब्लाक बस्टर फिल्मों की शूटिंग हुई है। प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बीते 6 अगस्त को भव्य समारोह में जम्मू-कश्मीर की फिल्म नीति 2021 को जारी किया था। इस दौरान उन्होंने दुनियाभर के फिल्म निर्माताओं को प्रदेश में आने का न्यौता दिया था।
भव्य समारोह में फिल्म अभिनेता आमिर खान और फिल्म निर्माता व निर्देशक राजकुमार हिरानी भी मौजूद थे। मशहूर फिल्मकार महावीर जैन ने इसके उपरांत अपनी अगली फिल्म और वीर हिरानी ने वेब सीरीज की पूरी शूटिंग कश्मीर में करने का एलान किया था।
आपको बता दें कि फिल्म नीति जारी करते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा था कि जम्मू-कश्मीर का बॉलीवुड सिनेमा का साथ घनिष्ठ संबंध रहा है। जम्मू-कश्मीर को फिल्म शूटिंग का अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित स्थान बनाने के पूरे प्रयास हैं। इतना ही नहीं जम्मू-कश्मीर की फिल्म नीति पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ है।
उन्होने एलान किया था कि प्रदेश में शूटिंग करने पर सरकार की ओर से विश्वस्तरीय सुविधाएं और वित्तीय लाभ भी मुहैया करवाया जाएगा। फिल्म नीति 2021 के अनुसार संबंधित फिल्म यूनिट को सरकारी खर्च पर सुरक्षा मुहैया करवाई जाएगी।
इसके साथ ही उन्होने कहा था कि अनुमति हासिल करने की प्रक्रिया काफी सरल है। कश्मीर में एक फिल्म सिटी के निर्माण सहित तमाम अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। आपको बता दें कि अनुच्छेद 370 के खात्मे के बाद वहां तेजी से विकास की परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं।
इस स्वतंत्रता दिवस पर लाल चौक पर तिरंगा शान से फहरा है। इसके साथ ही वहां के बच्चों ने जन-गण-मन भी बड़े उत्साह और गर्व के साथ गाया है। कश्मीर के लोग अब देश के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने के आतुर हैं। फिल्मों की शूटिंग से पर्यटन के साथ ही रोजगार के भी अवसर मिलेंगे।