1. हिन्दी समाचार
  2. Development
  3. उज्जैन में IT Park से युवाओं को मिलेगा रोजगार! CM मोहन यादव ने लिया निर्माण कार्यों का जायजा

उज्जैन में IT Park से युवाओं को मिलेगा रोजगार! CM मोहन यादव ने लिया निर्माण कार्यों का जायजा

उज्जैन में निर्माणाधीन IT Park का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निरीक्षण किया। 2.16 हेक्टेयर में बन रहे IT Park में 15,480 वर्गमीटर बिल्ट-अप एरिया प्रस्तावित है। CM ने गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। परियोजना से युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और नई तकनीकों से जुड़ने के अवसर मिलने की उम्मीद है।

By: BS Yadav 
Updated:
उज्जैन में IT Park से युवाओं को मिलेगा रोजगार! CM मोहन यादव ने लिया निर्माण कार्यों का जायजा

उज्जैन में युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन में निर्माणाधीन आईटी पार्क का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य और परियोजना की विस्तृत जानकारी ली तथा सभी काम गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के साथ तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। आईटी पार्क और इंजीनियरिंग कैंपस जैसी परियोजनाओं के माध्यम से युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार, कौशल विकास और नई तकनीकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि उज्जैन में आईटी क्षेत्र का विस्तार शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आईटी पार्क के विकसित होने से नए उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार और कौशल विकास के अवसर बढ़ सकते हैं।

दो चरणों में आईटी पार्क परियोजना का निर्माण

आईटी पार्क परियोजना का निर्माण दो चरणों में किया जा रहा है। इसके लिए करीब 2.16 हेक्टेयर भूमि निर्धारित की गई है। परियोजना में कुल 15,480 वर्गमीटर बिल्ट-अप एरिया प्रस्तावित है, जिसमें 11,436 वर्गमीटर क्षेत्र आईटी कंपनियों के लिए आरक्षित किया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर और उज्जैन को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी नवाचार, उद्योगों के विस्तार और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने इंदौर रोड पर उज्जैन विकास प्राधिकरण के माध्यम से निर्माणाधीन पीएम एकता मॉल और महाकाल भक्त निवास की प्रगति की जानकारी भी ली। उन्होंने दोनों परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि इनका लाभ आमजन और उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को मिल सके। इसके बाद मुख्यमंत्री ने इंदौर रोड स्थित महामृत्युंजय द्वार का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों से इसके निर्माण एवं विशेषताओं की जानकारी ली।

आधुनिक अधोसंरचना और तकनीकी सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए उज्जैन में आधुनिक अधोसंरचना और तकनीकी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आईटी पार्क सहित विभिन्न परियोजनाओं के जरिए शहर के विकास को गति देने और युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...