पूर्वी लद्दाख में भारत और चीनी सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प में भारतीय सेना के 20 जवान शहीद हो गए। वहीं चीन की सेना को भी काफी नुकसान हुआ। यह झड़प गलवान घाटी में सोमवार शाम के सात बजे हुई।
एक अधिकारी ने बताया कि कर्नल बाबू और उनकी टीम ने चीनी सैनिकों पर उनकी उपस्थिति को लेकर नाराजगी जताई और इसके बाद झड़प् हो गई। उन्होंने बताया कि झड़प इसलिए बढ़ी क्योंकि चीनी सैनिक अपनी जगह से पीछे हटने को तैयार नहीं हुए और भारतीय सैनिकों ने भारतीय एलएसी पर मौजूद उनके टेंट और उनकी पोस्ट को हटा दिया।
कुछ ही मिनटों बाद सैनिकों में हाथापाई शुरू हो गई। दोनों पक्षों के बीच यह झड़प पेट्रोल पाइंट 14 से लेकर पास की नदी तक हुई। यहीं पर दोनों पक्षों को नुकसान पहुंचा।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार चीनी सैनिकों ने भारतीय जवानों पर लोहे की छड़ो और कील जड़े क्लबों से हमला किया। दोनों पक्षों के कुछ सैनिक पानी में गिर गए और उनके शवों को मंगलवार सुबह निकाला गया।