पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई। जिसमें भारतीय सेना के एक अधिकारी समेत 20 जवान शहीद हो गए। खबर है कि लद्दाख में सेना को खुली छूट दी गई है और बातचीत रोक दी गई है। कमांडर मौके पर फैसला ले सकेंगे।
इसके साथ ही वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारतीय सैनिकों की संख्या बढ़ाई गई है। वहीं श्रीनगर-लेह हाईवे पर गांदरबल से आगे आम वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। केवल जरूरी वहनों को छूट है।
इसी बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को चीफ आॅफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। फिलहाल एलएसी पर तनाव बरकरार है। वहीं रक्षा मंत्री ने कहा कि देश इन वीर जवानों का बलिदान कभी नहीं भूलेगा। इस कठिन घड़ी में देश उनके परिवार वालों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा हैं।