पूर्वी लद्दाख से लेकर अरुणाचल तक चीन की सैन्य गतिविधिया, 15 जून को गलवान में भारतीय सैनिकों के साथ हुई हिंसक झड़प के साथ क्षेत्र में सैनिकों की संख्या बढ़ाने के आधार पर भारत ने चीन को घेरा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा, चीन ने एकतरफा कार्रवाई करके दोनों देशों के बीच में हुए समझौतों, सैन्य कमांडर्स के बीच 5 जून और इसके बाद बनी सहमति का उल्लंघन किया है।
अनुराग श्रीवास्तव ने कहा, एक तरफ चीन कहता है कि वह लद्दाख में तनाव कम करने के लिए सहमति को मानेगा, सैनिकों की संख्या घटाएगा, उन्हें पीछे ले जाएगा और इससे उलट वह क्षेत्र में सैनिकों की संख्या बढ़ा रहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार चीन की यह कोशिश दोनों देशों के बीच में बने विश्वास भरे माहौल के लिए झटके की तरह हैं। उन्होंने कहा कि चीन एकतरफा कार्रवाई करके वास्तविक नियंत्रण रेखा में बदलाव करना चाहता है।