भोपाल। भाजपा कार्यालय में पार्टी संगठन को बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ाने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान संगठन की मौजूदा गतिविधियों, सेवा संकल्प अभियान और पहले आयोजित किए जा चुके कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
बैठक में चल रहे सेवा संकल्प अभियान की प्रगति और उससे जुड़ी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही पूर्व में संचालित अभियानों के अनुभवों और उनके क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। पार्टी नेताओं ने आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा करते हुए संगठनात्मक स्तर पर बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया।

बैठक में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया गया। पार्टी की गतिविधियों को बूथ और जमीनी स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने तथा आपसी समन्वय बढ़ाने को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने बताया कि बैठक क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और संभाग प्रभारी ओमप्रकाश दुर्वे चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित हुई।
राहुल कोठारी के मुताबिक, बैठक में आने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठनात्मक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान मिले मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है और आगामी गतिविधियों को लेकर नई ऊर्जा के साथ काम करने पर जोर दिया गया।