मैहर जिले की ग्राम पंचायत बदेरा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना और पात्र हितग्राहियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा।
समाधान शिविर में मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
कार्यक्रम में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, सामाजिक न्याय, खाद्य, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र नागरिकों से आवेदन भी प्राप्त किए गए।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान भूमि विवाद, नामांतरण, सीमांकन, राजस्व रिकॉर्ड में सुधार, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल, बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि अन्य प्रकरणों को समय-सीमा में निपटाने के निर्देश दिए गए।
शिविर में रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी हेमंत सिंह चौहान, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर प्राप्त शिकायतों और आवेदनों की समीक्षा की।

कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर उसका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा होगी और अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कानून व्यवस्था, साइबर अपराध से बचाव और सुरक्षा संबंधी विषयों पर जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत आयोजित इस समाधान शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। ग्रामीणों ने मौके पर समस्याओं के समाधान और प्रशासन की सक्रियता की सराहना की। इस अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।