ग्वालियर में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) जोन कार्यालय के नवीन भवन का शुक्रवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना ने नए कार्यालय भवन का शुभारंभ करते हुए इसे पुलिस प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
उद्घाटन समारोह में पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) ग्वालियर रेंज असित यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमन गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जयराज कुबेर सहित पुलिस विभाग और पुलिस हाउसिंग बोर्ड के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद पुलिस अधिकारियों ने नवीन भवन का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने भवन के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की।

अधिकारियों के अनुसार, नए भवन के शुरू होने से ग्वालियर जोन के प्रशासनिक कार्य पहले की तुलना में अधिक सुव्यवस्थित और आधुनिक संसाधनों के साथ संचालित किए जा सकेंगे। इससे विभागीय कार्यप्रणाली में दक्षता बढ़ने के साथ नागरिक सेवाओं को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर अधिकारियों ने नए भवन के निर्माण में सहयोग देने वाले पुलिस हाउसिंग बोर्ड और संबंधित विभागों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि आधुनिक कार्यालय भवन पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता को और मजबूत करेगा।