सीहोर। जिले के आष्टा क्षेत्र में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद जनजीवन प्रभावित हो गया है। लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क टूट गया है। कई स्थानों पर पुल और पुलियाओं के ऊपर से तेज बहाव होने के कारण लोगों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है।
बारिश के चलते भंवरा और दुपाड़िया क्षेत्र के कई गांवों में स्थिति गंभीर बनी हुई है। यहां छोटी पुलियों और पुलों के ऊपर से तेज रफ्तार से पानी बह रहा है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। लोग सुरक्षित स्थानों पर रुककर पानी का स्तर कम होने का इंतजार कर रहे हैं।
लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जलभराव और तेज बहाव से ग्रामीणों को दैनिक कार्यों के साथ आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जलमग्न पुलों और पुलियाओं पर तत्काल बैरिकेडिंग कर आवागमन रोका जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति अनजाने में तेज बहाव वाले रास्ते को पार करने का प्रयास न करे और संभावित हादसों से बचा जा सके।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे उफनते नदी-नालों, जलमग्न पुलों और पुलियाओं को पार करने का प्रयास न करें। लोगों से केवल सुरक्षित और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।