सिंगरौली जिले के बैढ़न क्षेत्र में हनीट्रैप का मामला सामने आया है, जहां एक 24 वर्षीय महिला पर डॉक्टर को फंसाकर अश्लील वीडियो बनाने और फिर ब्लैकमेल करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, डॉक्टर और आरोपी महिला की पहचान पड़ोस में आने-जाने के दौरान हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई थी।
मामले में आरोप है कि 8 मई 2026 को महिला ने वीडियो कॉल के दौरान डॉक्टर का आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर डॉक्टर से 5 लाख रुपये की मांग की और धमकी दी कि पैसे न देने पर वीडियो को पत्नी को भेजने के साथ सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा।
लगातार धमकियों से परेशान होकर पीड़ित डॉक्टर ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कोतवाली और विंध्यनगर पुलिस को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने आरोपी महिला के पास से वीडियो बनाने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल भी जब्त कर लिया है। वहीं, इस मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच साइबर एंगल से भी की जा रही है और डिजिटल ब्लैकमेलिंग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सियाज के.एम. ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है और अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।