भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीट परीक्षा को लेकर राज्य सरकार की तैयारियों पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि परीक्षा के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारू संचालन के लिए सरकार भारत सरकार के साथ लगातार समन्वय में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों के रोल नंबर सत्यापन सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
सीएम ने कहा कि शहरी क्षेत्रों और बड़े शहरों में जहां बड़ी संख्या में परीक्षार्थी पहुंचते हैं, वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर आने वाले विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल, रिफ्रेशमेंट और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सीएम ने यह भी कहा कि परीक्षा केंद्रों पर आने वाले अभिभावकों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार इस बात के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि बच्चों की नीट परीक्षा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो। इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।