मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में शादी का झांसा देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। अमानगंज थाना क्षेत्र में हुई शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित ‘लुटेरी दुल्हन गैंग’ के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, अमानगंज के महेबा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह राजपूत ने शादी कराने के नाम पर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शादी के लिए एक लाख रुपये लिए गए और विवाह के कुछ दिनों बाद दुल्हन फरार हो गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचने के लिए कार्रवाई की।
पुलिस ने नागपुर निवासी माधुरी थोबानी को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही कथित तौर पर गिरोह में शामिल तीन बिचौलियों हक्के यादव, अनिल यादव और करण सिंह को भी पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल की गई रेनॉल्ट ट्राइबर कार, तीन मोबाइल फोन और नकदी सहित करीब 5.25 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं, गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस टीम द्वारा की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने पन्ना जिले के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।