{ फर्रुखाबाद से सतीश गुप्ता की रिपोर्ट }
फर्रुखाबाद जनपद के कायमगंज स्थित दि किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड कायमगंज द्वारा वर्तमान गन्ना पेराई सत्र 2019-20 के दौरान 15 लाख 44 हजार कुण्टल गन्ना की पेराई करने के उपरांत 6 अप्रैल को रात 12 बजे से गन्ना पेराई का कार्य बन्द कर दिया गया।
चीनी मिल द्वारा वर्तमान पेराई सत्र 2019-20 के दौरान विगत 14 नवम्बर से गन्ना पेराई कार्य प्रारम्भ कर 6 अप्रैल तक किए गए पेराई कार्य के दौरान 15 लाख 44 हजार कुण्टल गन्ना की पेराई कर 1 लाख 54 हजार 460 कुण्टल चीनी का उत्पादन किया गया है।
चीनी मिल के प्रधान प्रबन्धक दिलीप कुमार सक्सेना व मुख्य लेखाकार मेवालाल पासी ने बताया कि गत पेराई सत्र 2018-19 के दौरान चीनी मिल द्वारा 14 लाख 2 हजार कुण्टल गन्ना की पेराई कर 1 लाख 40 हजार 605 कुण्टल चीनी का उत्पादन किया गया था। गत पेराई सत्र के दौरान चीनी रिकवरी 9 .90 प्रतिशत रही थी।
जबकि वर्तमान पेराई सत्र के दौरान चीनी मिल द्वारा 15 लाख 44 हजार कुण्टल गन्ना की पेराई कर 1 लाख 54 हजार 460 कुण्टल चीनी का उत्पादन किया गया है। वहीं वर्तमान पेराई सत्र के दौरान चीनी मिल द्वारा 10 प्रतिशत रिकवरी लाकर पिछले 40 पेराई सत्रों के रिकवरी के सारे रिकॉर्ड तोङ दिये।
उन्होंने बताया कि गत पेराई सत्र की अपेक्षा वर्तमान पेराई सत्र के दौरान चीनी मिल द्वारा 1 लाख 42 हजार कुण्टल गन्ना की अधिक पेराई कर 14 हजार कुण्टल चीनी का अधिक उत्पादन किया गया है तथा गत पेराई सत्र की अपेक्षा वर्तमान पेराई सत्र के दौरान चीनी मिल द्वारा प्वाइंट दस प्रतिशत अधिक रिकवरी लाकर विशेष उपलब्धि हासिल की गई है।
प्रधान प्रबन्धक दिलीप कुमार सक्सेना ने बताया कि चीनी मिल में गन्ना पेराई सत्र 1979-80 के बाद यानि 40 पेराई सत्रों के बाद चीनी मिल की 10 प्रतिशत रिकवरी आई है जो एक विशेष उपलब्धि है।
चीनी मिल की इस विशेष उपलब्धि पर प्रधान प्रबंधक दिलीप कुमार सक्सेना ने मिल के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की मुक्त कण्ठ से सराहना करते हुए कहा कि मिल के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा किए गए विशेष प्रयास व सहयोग से ही हमने उक्त विशेष उपलब्धि हासिल कर पिछले 40 पेराई सत्रों के रिकवरी के रिकॉर्ड तोड़कर 10 प्रतिशत रिकवरी लाने में सफलता हासिल की है।