{ फर्रुखाबाद से सतीश गुप्ता की रिपोर्ट }
कोविड-19 के दृष्टिगत फर्रुखाबाद के जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डाॅ राजेन्द्र पेंसिया व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ चन्द्र शेखर ने बाबू सिंह जय सिंह आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज एवं मेजर एस डी सिंह मेडिकल कालेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान साथ में मौजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ चन्द्र शेखर ने बताया कि बाबू सिंह जय सिंह आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज में 100 बैड का कोविड-19 एल 1 अटैच अस्पताल के दृष्टिगत पूरी तैयारियां कराई जा रही हैं।
मेजर एस डी सिंह मेडिकल कालेज में 100 बैड का स्पेशलिटी क्वाँरेटाइन सेन्टर बनाया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने स्पेशलिटी क्वाँरेटाइन प्रोटोकॉल के तहत सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कराने के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ चन्द्र शेखर को निर्देश दिये।

इसके उपरांत जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह व मुख्य विकास अधिकारी डाॅ राजेन्द्र पेंसिया ने शेल्टर होम फतेहगढ में बने क्वाँरेटाइन सेन्टर व सामुदायिक रसोई का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह व मुख्य विकास अधिकारी डाॅ राजेन्द्र पेंसिया ने स्वयं भोजन के पैकेट चेक कर भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने सामुदायिक रसोई में सादा भोजन जैसे दाल, रोटी व सब्जी बनाने के निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने शासन के निर्देशानुसार क्वाँरेटाइन सेन्टर में रुके हुए फतेहपुर, कौशांबी, बांदा, बहराइच व सीतापुर जनपद के 22 व्यक्तियों को 14 दिनों की क्वारेंटाइन अवधि पूर्ण करने के पश्चात खाद्य सामग्री के पैकेट प्रदान कर उनके जनपदों में छोड़ने की अनुमति प्रदान की।