पन्ना। जिले के गुनौर नगर में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व में विशाल किसान ट्रैक्टर रैली आयोजित की गई। इस रैली में करीब 300 ट्रैक्टरों के साथ हजारों किसानों ने हिस्सा लिया और कृषि से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की। रैली का नेतृत्व किसान नेता सेवालाल पटेल ने किया।
रविवार दोपहर शुरू हुई रैली ने गुनौर नगर के प्रमुख मार्गों से होकर भ्रमण किया। इस दौरान किसानों ने कृषि क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और सरकार का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
रैली में शामिल किसानों ने डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसलों की खरीदी, बेहतर सिंचाई व्यवस्था, कृषि संसाधनों की उपलब्धता और अन्य लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया। किसानों का कहना था कि समय पर सुविधाएं नहीं मिलने से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है।

रैली के बाद आयोजित सभा में किसानों ने अपनी मांगों पर चर्चा की। इसके पश्चात प्रशासन को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की गई। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।
रैली के दौरान गुनौर नगर में किसानों का उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों के साथ शामिल हुए और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया।