1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. दबंगों के अतिक्रमण से बंद हुआ किसानों का रास्ता, 40 से अधिक परिवारों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

दबंगों के अतिक्रमण से बंद हुआ किसानों का रास्ता, 40 से अधिक परिवारों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

सीहोर के ग्राम हैदरगंज में ग्रामीणों ने रास्ते पर अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि 30 फीट चौड़ा रास्ता सिमटकर 5 फीट रह गया है, जिससे 40 से अधिक परिवारों की खेती प्रभावित हो रही है।

By: BS Yadav 
Updated:
दबंगों के अतिक्रमण से बंद हुआ किसानों का रास्ता, 40 से अधिक परिवारों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

सीहोर: जिले के ग्राम हैदरगंज में रास्ते पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। गांव के 40 से अधिक परिवारों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और रास्ते से अतिक्रमण हटाने की मांग की।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ दबंग लोगों ने सार्वजनिक मार्ग पर कब्जा कर उसे काफी संकरा कर दिया है। उनका कहना है कि पहले लगभग 30 फीट चौड़ा रास्ता था, लेकिन दोनों ओर किए गए अतिक्रमण के कारण अब इसकी चौड़ाई घटकर करीब 5 फीट रह गई है।

ग्रामीणों के अनुसार रास्ता संकरा होने से ट्रैक्टर, कृषि यंत्र और अन्य बड़े वाहन खेतों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि अतिक्रमण की वजह से 40 से अधिक परिवार सीधे प्रभावित हो रहे हैं। खेतों तक पहुंचने में दिक्कत होने के कारण कृषि कार्य बाधित हो रहे हैं, जिससे उनकी आजीविका पर भी असर पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर रास्ते से अतिक्रमण हटाया जाए और प्रभावित किसानों को राहत दिलाई जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो खेती का कार्य और अधिक प्रभावित हो सकता है।फिलहाल प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया गया है। अब ग्रामीणों की नजर जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

रिपोर्ट: शरण तिवारी

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...