रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: कोरोना महामारी के दूसरे लहर की तबाही के कारण यूपी की योगी सरकार बोर्ड परिक्षाओं को रद्द कर दिया था। अब सरकार की तरफ से साफ किया गया है कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट जुलाई के दूसरे या तीसरे सप्ताह तक घोषित किये जायेंगे। इसके साथ ही सरकार की तरफ से कहा गया है कि हाई स्कूल और इंटरमीडिएट का परिणाम एक ही दिन घोषित किया जाएगा। अभी बोर्ड की तरफ से रिजल्टर की डेट की आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।
आपको बता दे कि सूबे के डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा है कि जुलाई तक नतीजे जारी कर दिए जाएंगे, जिसकी डेट पहले ही बता दी जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि सब कुछ एक अच्छी तरह से परिभाषित फॉर्मूले पर तैयार किया गया है और अब विश्वविद्यालयों में प्रवेश परीक्षा आयोजित करने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि हम पूरे सत्र में छात्रों का मूल्यांकन करने और ऑनलाइन माध्यम से शिक्षा प्रदान करने में सफल रहे हैं।
सरकार ने पहले ही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों की कोरोना के चलते परीक्षा नहीं होने के कारण उन्हें प्रमोट करने की घोषणा की है। प्रमोट का फॉर्मूला भी तैयार हो गया है। इस बार मेरिट लिस्ट घोषित नहीं की जाएगी। बुधवार को विधान भवन के पारिजात हॉल में उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई जिसमें यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग को जल्द लागू करने पर मंथन किया गया है।