रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
नई दिल्ली : देशभर में कोरोना महामारी का संक्रमण तेजी से फैल रहा है । इस बीच कोरोना संकट को देखते हुए सरकार ने दिल्ली में एक हफ्ते के लॉकडाउन की घोषणा की है । हालांकि, सरकार ने ये साफ नहीं किया है कि लॉकडाउन के दौरान शराब की दुकानें खुली रहेंगी या बंद रहेंगी । लेकिन लॉकडाउन की घोषणा के बाद शराब की दुकानों पर एक बार फिर लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गयी है ।
मालूम हो कि पिछले साल लॉकडाउन के दौरान भी शराब की दुकानों पर ऐसा ही कुछ देखने को मिला था । जहां लोगों के मन में डर था कि अगर इस दौरान शराब नहीं मिली तो क्या होगा । जिसके चलते उन्होंने शराब की दुकानों पर लंबी लाइनें लगा दी थी और पेटी-पेटी शराब खरीद ली थी । इस बार भी लॉकडाउन की घोषणा के बाद कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है । लोगों का मानना है कि लॉकडाउन के दौरान शराब की दुकानें बंद की जा सकती है । ऐसे में उन्हें शराब पीने में किसी तरह की दिक्कत न आए, इसके लिए वो अभी से शराब खरीदने में जुट गए हैं ।
बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार दोपहर 12:00 बजे प्रेस कांफ्रेंस कर राजधानी में एक हफ्ते के लॉकडाउन का ऐलान किया है । उन्होंने कहा, “दिल्ली में आज रात 10 बजे से अगले सोमवार सुबह 5 बजे तक 6 दिन के लिए लॉकडाउन लगाया जा रहा है ।
आपको बताते चलें कि राजधानी में पिछले 24 घंटे में 23,500 नए मामले सामने आए हैं । जबकि कोरोना से 161 लोगों की मौत हो गयी है । इसके अलावा 20159 लोग पिछले 24 घंटे में कोरोना से ठीक होकर अपने-अपने घर जा चुके हैं । स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में अब तक कोरोना से संक्रमित होने वालों की कुल संख्या 8 लाख 53 हजार 460 पहुंच गयी हैं । वहीं, कोरोना से मरने वालों की संख्या 12121 हो गयी है ।