रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों से आम आदमी की जेब पर दिन पर दिन बोझ बढ़ता ही जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ गुरुवार को महीने में तीसरी बार गैस सिलेंडर के दामों में भी वृद्धि दर्ज की गई। आपको बता दें की गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों का मतलब है कि आपकी थाली भी मंहगी हो जायेगी।
इण्डियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने इस महीने में तीसरी बार गैस के दाम बढ़ाये हैं। 14.2 किलो वाले सिलेंडर के दाम इससे पहले 4 फरवरी और 14 फरवरी को बढ़ाये गये थे। जनवरी महीने में सब्सिडी वाले रसोई गैस 14.2 किग्रा की कीमत 694 रुपये पर स्थिर था। जो 4 फरवरी की सुबह इसके दाम को बढ़ाकर 719 रुपये किया गया। जबकि 14 फरवरी को इसका दाम 769 कर दिया गया। इस महीने में तीसरी बार दाम बढ़कर 794 रुपये हो गया है।
राजधानी दिल्ली की बात करें तो LPG सिलेंडर का रेट बढ़कर 794 रुपये हो गया है। इस महीने में तीनों बार में 100 रुपये दाम बढ़े हैं। वहीं पेट्रोल और डीजल की बात करें तो देश के कई शहरो में 100 प्रति लीटर तक बिक रहा है।