दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की ओर से एक बैठक बुलाई गई। जिसमें कई अहम फैसले लिए गए।
बैठक के बाद अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार दिल्ली में कोरोना वायरस प्रसार के रोकथाम के लिए प्रतिबद्ध है। आज की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए है ताकि दिल्ली के लोगों को संक्रमण से बचाया जा सके।
गृहमंत्री ने कहा कि अगले दो दिनों में दिल्ली में कोरोना जांच दोगुनी और छह दिन बाद इसे तीन गुना किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार दिल्ली को सरकार को 500 रेलवे कोच देगी ताकि यहां बिस्तरों की कमी ना हो।
इसी के साथ गृहमंत्री ने कहा कि दिल्ली के कंटेनमेंट जोन में सभी की जांच की जा सके, इसके लिए हर घर का सर्वे किया जाएगा। हर किसी को फोन में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कराया जाएगा। केंद्र टेलीफोन के जरिए मार्गदर्शन संबंधी उचित सूचना, दिल्ली में छोटे अस्पतालों के लिए दिशानिर्देशों के लिए एम्स की समिति गठित करेगा।