कोरोना की चपेट में आए हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को देर शाम अम्बाला छावनी सिविल अस्पताल से रोहतक पी.जी.आई. शिफ्ट कर दिया गया है। डॉक्टरों ने रविवार को बताया कि विज ने बैचेनी की शिकायत की थी जिसके बाद उन्हें शनिवार रात को स्थानांतरित किया गया।
डाक्टरों के अनुसार उनके फेफड़े में आंशिक तौर पर संक्रमण है जिसके चलते अब पी.जी.आई. रोहतक के वरिष्ठ डॉक्टर उनके स्वास्थ्य पर निगरानी रखेंगे। विज की दूसरी कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। हालांकि सी.टी. लैबल में काफी सुधार हुआ है जो 14 से बढ़कर 21 तक पहुंच गया है।
अंबाला के सिविल सर्जन डॉ कुलदीप सिंह ने बताया कि रोहतक अस्पताल में डॉक्टरों की एक टीम विज की हालत की निगरानी कर रही है. गौरतलब है कि विज ने स्वेच्छा से आगे आकर कोरोना के संभावित टीके कोवैक्सीन के परीक्षण के तहत पिछले महीने एक टीका लगावाया था। वह पांच दिसंबर को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे।
बता दें कि भारत बायोटेक कोरोना के संभावित टीके कोवैक्सीन पर काम कर रही है। इस टीके के तीसरे चरण के परीक्षण के लिए भाजपा के 67 वर्षीय नेता ने स्वेच्छा से आगे आकर खुराक लेने की पेशकश की थी। उन्हें परीक्षण के लिए दो टीके लगाए जाने थे, जिनमें से एक उन्हें अंबाला छावनी के सिविल अस्पताल में 20 नवंबर को दिया गया था।
भारत बायोटेक ने कहा था कि टीके के क्लिनिकल परीक्षण में दो खुराकें 28 दिन के अंतराल पर दी जाती हैं और टीके का प्रभाव दूसरी खुराक देने के दो हफ्ते बाद पता लगाया जाता है।
इस मामले में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को भी दखल देना पड़ा था और उसने कहा था कि कोवैक्सीन की दूसरी खुराक देने के कुछ दिन बीतने के बाद इंसान के शरीर में संक्रमण के खिलाफ एंटीबॉडी बनती हैं, जबकि विज को सिर्फ एक ही खुराक दी गई थी।
आप को बता दे कि सिविल सर्जन अंबाला डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज बिल्कुल ठीक हैं और वह सामान्य रूप से एंबुलेंस में तीन एक्सपर्ट डॉक्टर व एक एलटी के साथ पीजीआईएमएस रोहतक गए हैं।
रोहतक पीजीआईएमएस में वह स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे। उनका सीटी लेवल 14 से बढ़कर 21 पहुंच गया है, जोकि उनकी रिकवरी के बारे में बता रहा है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज कोरोना संक्रमित पाए गए थे।
कोरोना की टैस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही मंत्री विज तुरंत प्रभाव से अम्बाला छावनी के सिविल अस्पताल में दाखिल हो गए थे। उनकी दूसरी रिपोर्ट पॉजिटिव आने और फेफड़े में संक्रमण आने के कारण स्थानीय डॉक्टरों ने उन्हें पी.जी.आई. रोहतक रैफर किया है।
देर शाम करीब 8 बजे मंत्री विज एम्बूलैंस के जरिए अम्बाला से रोहतक पी.जी.आई. के लिए रवाना हो गए थे। वहीं फोन पर हुई बातचीत में मंत्री विज ने कहा कि वह ठीक महसूस कर रहे हैं लेकिन डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उन्हें रोहतक पी.जी.आई. जाना पड़ रहा है।